जिला सड़क सुरक्षा समिति की फिजिकल समीक्षा बैठक संपन्न
Physical review meeting of District Road Safety Committee concluded
जिला सड़क सुरक्षा समिति की फिजिकल समीक्षा बैठक संपन्न
छिन्दवाड़ा। कलेक्टर सौरभ कुमार सुमन की अध्यक्षता में आज कलेक्टर कार्यालय के मिनी संवाद कक्ष में जिला सड़क सुरक्षा समिति की मासिक समीक्षा बैठक संपन्न हुई । बैठक में पुलिस अधीक्षक विवेक अग्रवाल, एस.डी.एम. छिंदवाड़ा अतुल सिंह, आयुक्त नगरपालिक निगम हिमांशु सिंह, उप पुलिस अधीक्षक यातायात सुदेश सिंह, अतिरिक्त क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी श्रीमती निशा चौहान और अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित थे ।
बैठक में सर्वप्रथम पिछली बैठक के पालन प्रतिवेदन पर चर्चा की गई। इसके बाद निर्धारित एजेंडा बिंदु के अनुसार छिंदवाड़ा-नरसिंहपुर मार्ग पर श्याम टाकीज से बनगांव रिंग रोड चौराहा तक सुरक्षात्मक कार्यों पर चर्चा कर विभिन्न दिशा-निर्देश दिए गए। कलेक्टर श्री सुमन ने इस मार्ग पर श्याम टाकीज, छोटी एमएलबी स्कूल के सामने, मजदूर चौक, नरसिंहपुर नाका, धरमटेकरी चौकी के सामने, खापाभाट तिराहा, हिंदुस्तान यूनीलिवर लिमिटेड के सामने और सारना बस्ती में स्पीड ब्रेकर बनाने के निर्देश दिए हैं। साथ ही श्याम टाकीज से बनगांव रिंग रोड रोटरी तक व खापाभाट तिराहे में प्रकाश व्यवस्था और कमेटी के सभी सदस्यों को संभावित दुर्घटनाजन्य कम से कम 2 क्षेत्र चिन्हांकित करने के संबंध निर्देशित किया गया है। बैठक में सड़क दुर्घटनाओं के दौरान मदद करने वाले गुड सेमेरिटन (नेक व्यक्ति) को प्रोत्साहन के संबंध में भी चर्चा की गई तथा चारपहिया वाहन संचालन के समय सीट बेल्ट की अनिवार्यता व सीट बेल्ट नहीं लगाने से होने वाली दुर्घटना संबंधी वीडियो फिल्म का प्रदर्शन किया गया। बैठक में अतिरिक्त क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी श्रीमती चौहान ने पिछली बैठक का पालन प्रतिवेदन प्रस्तुत करने के साथ ही अन्य बिंदुओं की विस्तार से जानकारी दी । उन्होंने बताया कि विशेष चेकिंग अभियान चलाकर 93 स्कूल वाहन चेक किये गये व परमिट शर्तो का उल्लंघन किये जाने पर 16 वाहनों पर चालानी कार्यवाही करते हुये 83508 रूपये का शमन शुल्क वसूल किया गया। सभी स्कूलों में जाकर व्हीकल इंचार्ज को सुरक्षित वाहन चालन के संबंध में समझाईश भी दी गई। बैठक में उप पुलिस अधीक्षक यातायात श्री सिंह और अन्य संबंधित विभागों के अधिकारियों ने भी विभागीय जानकारी प्रस्तुत की ।
बैठक में पालन प्रतिवेदन की जानकारी देते हुए नगरपालिक निगम आयुक्त द्वारा बताया गया कि जुलाई माह में 54, अगस्त माह में 15 और सितंबर माह में 12 पालतू/आवारा पशुओं को पकड़कर कांजी हाउस में बंद कराया गया है एवं वर्तमान में निरंतर कार्यवाही जारी है। पार्किंग व्यवस्था बनाने के लिए यातायात विभाग के अधिकारियों के साथ संयुक्त निरीक्षण के लिए पत्र भेजा गया है, सहमति के उपरांत आगामी कार्यवाही की जायेगी। उन्होंने बताया कि बर्मन की भूमि पर वर्तमान में अनुमानित 400 वाहनों को खड़े किए जाने की व्यवस्था की जा रही है। कलेक्टर श्री सुमन और पुलिस अधीक्षक श्री अग्रवाल द्वारा भ्रमण के दौरान दिए गए निर्देशों के पालन में इमलीखेड़ा चौराहे पर बाधा बन रहे बोर्ड को 1.5 फीट छोटा किया गया है। एनएचएआई द्वारा बताया गया कि रिंग रोड की रोटरीज के प्रकाश की व्यवस्था के लिए लाइट्स आ चुके हैं, लगाने की प्रक्रिया प्रगतिरत है। सोनाखार रोटरीज रिंग रोड पर अव्यवस्थित झाड़ियों की छटाई कर दी गई है। प्रिंस ढाबा रिंग रोड पर रोड में और ढाबा के सामने खोले गए मीडियन पर रोड मैप लगाने का कार्य प्रगतिरत है। एमपीआरडीसी के अधिकारी द्वारा बताया गया कि छिंदवाड़ा-तामिया-मटकुली मार्ग में कुलबेहरा नाले के आस-पास संभावित दुर्घटना स्थल पर थर्मोप्लास्ट पेंट, संकेतक/सचेतक बोर्ड, क्रास बैरियर और लखनवाड़ा अंधा मोड़ पर संकेतक/सचेतक बोर्ड, क्रास बैरियर का सुधार कार्य करा दिया गया है।



Comments (0)
Facebook Comments