MP : सीधी में पत्रकार सहित अन्य को अर्धनग्न कर लाकअप में बंद करने पर मानवाधिकार आयोग ने डीजीपी से मांगा जवाब
Human Rights Commission seeks response from DGP on lock-up, including journalist, half-naked in Sidhi
MP : सीधी में पत्रकार सहित अन्य को अर्धनग्न कर लाकअप में बंद करने पर मानवाधिकार आयोग ने डीजीपी से मांगा जवाब
पुलिस मुख्यालय ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अमित सिंह को बनाया जांच अधिकारी।
सीधी/भोपाल । सीधी में पत्रकार सहित आठ युवकों अर्धनग्न करके लाकअप में बंद करने के मामले में मध्य प्रदेश मानव अधिकार आयोग ने संज्ञान लेते हुए पुलिस महानिदेशक और पुलिस महानिरीक्षक रीवा से जवाब तलब किया है। दोनों अधिकारियों को एक सप्ताह में पूरी घटना पर जवाब देने के लिए कहा गया है। वहीं, पुलिस मुख्यालय ने मामले की गंभीरता को देखते हुए भोपाल से वरिष्ठ पुलिस अधिकारी को भेजकर जांच कराने का निर्णय लिया है। इसके लिए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अमित सिंह को जांच अधिकारी नियुक्त किया गया है।
सीधी जिला मुख्यालय में कोतवाली थाना पुलिस ने पत्रकार सहित आठ युवकों को न सिर्फ कपड़े उतरवाए बल्कि उनके अर्धनग्न फोटो इंटरनेट मीडिया पर वायरल करवा दिए। ये सभी युवा रंगकर्मी नीरज कुंदेर की गिरफ्तारी के विरोध में थाने के बाहर धरना दे रहे थे। पुलिस ने सभी को हिरासत में लेकर अर्धनग्न अवस्था में फोटो खींचा और उसे वायरल कर दिया। मामले की गंभीरता को देखते हुए मध्यप्रदेश मानव अधिकार आयोग के अध्यक्ष नरेन्द्र कुमार जैन ने पूरे घटनाक्रम की जानकारी लेते हुए पुलिस महानिदेशक और पुलिस महानिरीक्षक रीवा से एक सप्ताह में जवाब मांगा है। वहीं, अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक डा.अशोक अवस्थी ने शुक्रवार को वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (रेडियो) भोपाल अमित सिंह को जांच अधिकारी नियुक्त करते हुए सीधी जाकर तीन दिन में प्रतिवेदन प्रस्तुत करने के निर्देश दिए हैं। पुलिस अधीक्षक ने पुलिस अभिरक्षा के दौरान आपत्तिजनक फोटो इंटरनेट मीडिया पर वायरल होने में बरती गई लापरवाही के लिए निरीक्षक मनोज सोनी और उप निरीक्षक अशोक सिंह परिहार थाना प्रभारी अमिलिया को निलंबित कर चुके हैं।



Comments (0)
Facebook Comments