कांग्रेस झूठ और भ्रम की राजनीति छोड़कर तथ्यों पर बात करे: अजय सक्सेना
Congress should abandon the politics of lies and confusion and engage with facts: Ajay Saxena
कांग्रेस झूठ और भ्रम की राजनीति छोड़कर तथ्यों पर बात करे: अजय सक्सेना
छिंदवाड़ा। भारतीय जनता पार्टी के जिला उपाध्यक्ष अजय सक्सेना ने जिला कांग्रेस अध्यक्ष विश्वनाथ ओक्टे द्वारा शासकीय स्कूलों और शिक्षकों को लेकर दिए गए बयान को पूरी तरह भ्रामक, तथ्यहीन और राजनीतिक निराशा से प्रेरित बताया है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के पास अब न तो कोई ठोस मुद्दा बचा है और न ही जनता का विश्वास, इसलिए वह झूठ और भ्रम फैलाकर अपनी राजनीतिक जमीन बचाने का असफल प्रयास कर रही है।
भाजपा जिला उपाध्यक्ष अजय सक्सेना ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी की सरकार शिक्षा के क्षेत्र में लगातार सुधार और गुणवत्ता बढ़ाने के लिए कार्य कर रही है। प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव के नेतृत्व में शिक्षा व्यवस्था को आधुनिक, प्रभावी और विद्यार्थियों के भविष्य के अनुरूप बनाया जा रहा है। स्कूलों के समेकन (रैशनलाइजेशन) का उद्देश्य शिक्षा की गुणवत्ता बढ़ाना और विद्यार्थियों को बेहतर संसाधन उपलब्ध कराना है, न कि शिक्षा को कमजोर करना।
उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार केवल स्कूलों के संचालन तक सीमित नहीं है, बल्कि विद्यार्थियों को प्रोत्साहित करने और उन्हें आगे बढ़ाने के लिए अनेक छात्र हितैषी योजनाएं भी संचालित कर रही है। प्रदेश में मुख्यमंत्री मेधावी विद्यार्थी योजना के माध्यम से प्रतिभाशाली विद्यार्थियों की उच्च शिक्षा के लिए आर्थिक सहयोग दिया जा रहा है। इसके साथ ही छात्र-छात्राओं को शिक्षा के लिए प्रोत्साहित करने हेतु साइकिल वितरण योजना, मेधावी छात्राओं के लिए स्कूटी योजना, डिजिटल शिक्षा को बढ़ावा देने के लिए लैपटॉप वितरण योजना तथा ग्रामीण क्षेत्र की बेटियों को उच्च शिक्षा के लिए प्रोत्साहित करने हेतु गांव की बेटी योजना जैसी योजनाएं प्रभावी रूप से लागू हैं। इसके अलावा विद्यार्थियों को निःशुल्क पाठ्यपुस्तकें, गणवेश, मध्याह्न भोजन और विभिन्न छात्रवृत्ति योजनाओं के माध्यम से भी निरंतर प्रोत्साहन दिया जा रहा है।
श्री सक्सेना ने कहा कि शिक्षकों की दक्षता और गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए समय-समय पर प्रशिक्षण और मूल्यांकन की प्रक्रिया एक सामान्य प्रशासनिक व्यवस्था है। इसे लेकर अनावश्यक भय और भ्रम फैलाना कांग्रेस की पुरानी आदत है। इससे न तो शिक्षकों का भला होगा और न ही विद्यार्थियों का।
भाजपा जिला उपाध्यक्ष ने तीखा सवाल उठाते हुए कहा कि छिंदवाड़ा की राजनीति में वर्षों से कांग्रेस के वरिष्ठ नेता कमलनाथ जी किसी न किसी रूप में सत्ता और प्रभाव की स्थिति में रहे हैं। ऐसे में यदि आज जिला कांग्रेस अध्यक्ष विश्वनाथ ओक्टे जिले की शिक्षा व्यवस्था को लेकर इस प्रकार के सवाल उठा रहे हैं, तो क्या यह प्रश्न परोक्ष रूप से उनके ही शीर्ष नेतृत्व पर नहीं खड़ा होता? जब कमलनाथ जी खुद छिंदवाड़ा का सांसद और विधायक के रूप में प्रभाव और प्रतिनिधित्व रहा तब इन समस्याओं के समाधान के लिए क्या ठोस पहल की गई कहीं ये सवाल परोक्ष रूप से उन्हीं से तो नहीं है?
उन्होंने आगे कहा कि छिंदवाड़ा से नकुलनाथ भी सांसद रह चुके हैं। ऐसे में कांग्रेस के स्थानीय नेताओं को पहले अपने राजनीतिक इतिहास का आत्ममंथन करना चाहिए। बिना तथ्य और बिना आत्ममूल्यांकन के केवल बयानबाजी करना कांग्रेस की आदत बन चुकी है, जिसे अब जनता भलीभांति समझ चुकी है।
अंत में श्री सक्सेना ने कहा कि कांग्रेस पहले अपने कार्यकाल की विफलताओं का आत्ममंथन करे, उसके बाद ही भाजपा सरकार की नीतियों पर सवाल उठाने का नैतिक अधिकार प्राप्त करने की बात करे। भाजपा सरकार प्रदेश के प्रत्येक बच्चे को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है और इस दिशा में निरंतर कार्य कर रही है।



Comments (0)
Facebook Comments