सामाजिक न्याय योजनाओं का सभी पात्र हितग्राहियों को मिले लाभ,दिव्यांगजन योजनाओं के लाभ से न छूटें-आयुक्त श्री रजक

Commissioner Disabled Mr. Rajak reviewed the plans in Circuit House Chhindwara

सामाजिक न्याय योजनाओं का सभी पात्र हितग्राहियों को मिले लाभ,दिव्यांगजन योजनाओं के लाभ से न छूटें-आयुक्त श्री रजक
रिपोर्ट। एडिटर, दीपक कोल्हे

सामाजिक न्याय योजनाओं का सभी पात्र हितग्राहियों को मिले लाभ,दिव्यांगजन योजनाओं के लाभ से न छूटें-आयुक्त श्री रजक

  • आयुक्त श्री रजक ने यूडीआईडी कार्ड की शत-प्रतिशत उपलब्धि पर जिले को दी बधाई
  • आयुक्त निःशक्तजन श्री रजक ने सर्किट हाउस छिन्दवाड़ा में की योजनाओं की समीक्षा

छिन्दवाड़ा । प्रदेश के निःशक्तजन आयुक्त संदीप रजक ने मंगलवार को छिन्दवाड़ा जिले के सर्किट हाउस में सामाजिक न्याय विभाग और जिला दिव्यांग पुनर्वास केंद्र के अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। इस दौरान संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों से निकायवार सामाजिक न्याय विभाग की योजनाओं के अंतर्गत पात्र हितग्राहियों को दिए जाने वाले लाभ/सहायता की जानकारी ली गई। आयुक्त श्री रजक ने निर्देश दिए कि सामाजिक न्याय विभाग की योजनाओं में कोई भी पात्र हितग्राही लाभ से वंचित नहीं रहे, इसके लिए मैदानी अमला पूरी सजगता से कार्य करें। यदि योजनाओं के क्रियान्वयन में कोई कठिनाई आ रही है तो उसका भी निराकरण करें। बैठक में उप संचालक सामाजिक न्याय विभाग एस.के.गुप्ता, समग्र सामाजिक सुरक्षा विस्तार अधिकारी श्री अंशुल साबले व श्रीमती लीना उइके, प्रभारी नोडल अधिकारी यूडीआईडी नरेन्द्र पाल, दिव्यांग संगठन के अरविंद बाथव एवं अन्य पदाधिकारी उपस्थित थे ।


बैठक में आयुक्त श्री रजक ने दिव्यांगजनों को मिलने वाले लाभों की भी गहनता से समीक्षा की । साथ ही दिव्यांगों के शत-प्रतिशत यूडीआईडी कार्ड बनाने पर जिले को बधाई दी । उन्होंने बताया कि भारत सरकार की योजना के अंतर्गत यूडीआईडी कार्ड बनाए जा रहे हैं जिसमें दिव्यांगजन की समुचित जानकारी समाहित होती है। भविष्य में शासन की सभी योजनाओं का लाभ दिव्यांगजनों को यूडीआईडी कार्ड के माध्यम से ही दिया जाएगा, इसलिए प्रत्येक दिव्यांगजन का यूडीआईडी कार्ड बनाया जा रहा है। उन्होंने निर्देश दिये कि जिले में निःशक्तजन कल्याण शिविर आयोजित कर पात्र दिव्यांगों को आवश्यक सहयोगी उपकरण एवं अन्य योजनाओं का लाभ सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि सामाजिक न्याय विभाग की योजनाओं से जुड़े अधिकारी विभाग की प्रत्येक योजना के क्रियान्वयन के प्रति गंभीर रहें। सभी पात्र हितग्राहियों को योजनाओं का लाभ एवं सहायता मिले, यह सुनिश्चित किया जाए। बैठक में उप संचालक सामाजिक न्याय एवं निःशक्तजन कल्याण श्री गुप्ता ने विभागीय योजनाओं की प्रगति से अवगत कराते हुए बताया कि जिले में सभी दिव्यांग स्पर्श पोर्टल पर पंजीकृत है और शत-प्रतिशत दिव्यांगो के यूडीआईडी कार्ड जारी किए जा चुके हैं। साथ ही जिले के सभी दिव्यांग हितग्राही सामाजिक न्याय विभाग की विभिन्न पेंशन योजनाओं का लाभ प्राप्त कर रहे हैं।     

आयुक्त निःशक्तजन श्री रजक ने किया जिला दिव्यांग पुनर्वास केंद्र का निरीक्षण


निःशक्तजन आयुक्त संदीप रजक ने आज जिले के जिला दिव्यांग पुनर्वास केंद्र का निरीक्षण किया। उन्होंने निरीक्षण के दौरान क्षेत्र में स्वच्छता की कमी एवं कार्यालयीन लापरवाही पाये जाने पर नाराजगी व्यक्त की और कार्य प्रणाली सुधरवाने के निर्देश उप संचालक सामाजिक न्याय को दिये । उन्होंने वित्तीय व्यवस्था के लिये केन्द्र के प्रशासनिक अधिकारी को 15 दिवस में पीएफएमएस वेबसाइट पर जानकारी अनिवार्य रूप से अद्यतन करने के निर्देश दिये । उन्होंने दो बौध्दिक दिव्यांगजनों के पालकों को प्रशिक्षण के लिये विशेष टीएलएम किट भी प्रदान की ।