संभागीय आयुक्त ने एमआरआई मशीन के संचालन व्यवस्था का किया आकस्मिक निरीक्षण
The meeting of the Executive Committee was held under the chairmanship of Mr. Verma, Commissioner of Jabalpur Division and Chairman of the Executive Committee of Chhindwara Institute of Medical Sciences. Along with ex post facto approval of various works, guidelines were given regarding other works.
संभागीय आयुक्त ने एमआरआई मशीन के संचालन व्यवस्था का किया आकस्मिक निरीक्षण
जबलपुर संभाग के आयुक्त एवं छिंदवाड़ा इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेस की कार्यकारिणी समिति के अध्यक्ष श्री वर्मा की अध्यक्षता में कार्यकारिणी समिति की बैठक संपन्न विभिन्न कार्यों की कार्योत्तर स्वीकृति के साथ ही अन्य कार्यों के संबंध में दिये दिशा निर्देश
छिन्दवाड़ा। जबलपुर संभाग के आयुक्त एवं छिंदवाड़ा इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेस की कार्यकारिणी समिति के अध्यक्ष श्री अभय वर्मा की अध्यक्षता में आज छिंदवाड़ा इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेस के सभाकक्ष में कार्यकारिणी समिति की बैठक संपन्न हुई । बैठक में डिप्टी कमिश्नर जबलपुर श्री अरविंद यादव, छिंदवाड़ा इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेस के अधिष्ठाता डॉ.गिरीश बी.रामटेके, अधीक्षक डॉ.व्ही.के.जैन, डॉ.विकास व्दिवेदी, वित्त अधिकारी एवं प्रभारी आयुक्त नगरपालिक निगम श्री कमलेश निरगुड़कर, सभी विभागों के विभागाध्यक्ष, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ.जी.सी.चौरसिया, सिविल सर्जन जिला चिकित्सालय डॉ.एम.के.सोनिया, पीआईयू के कार्यपालन यंत्री और अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित थे ।
जबलपुर संभाग के आयुक्त एवं छिंदवाड़ा इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेस की कार्यकारिणी समिति के अध्यक्ष श्री वर्मा ने संस्था में चिकित्सक शिक्षकों के रिक्त पदोन्नति के पदों को सीमित विज्ञप्ति के माध्यम से विज्ञापन कर की गई भर्ती, अन्य चिकित्सा महाविद्यालय से संस्था में प्रतिनियुक्ति पर पदस्थ हुये कर्मचारियों और संस्था से अन्य चिकित्सा महाविद्यालयों में पदस्थ हुये कर्मचारियों, स्टाफ नर्स की स्थानांतरण द्वारा आपसी अदला-बदली और संस्था द्वारा ऑनलाईन आमंत्रित की गई कैंटीन व मेस की निविदा के बाद एल-1 निविदा कार्य को निविदा आवंटन व संबंधित कार्यवाही की कार्योत्तर स्वीकृति प्रदान की । उन्होंने विशेष जनजाति बैगा, भारिया व सहरिया के आवेदकों की भर्ती के संबंध में आगामी कार्यवाही करने संस्था के पात्र चिकित्सकों, शिक्षकों को डीएसीपी व वर्तमान प्रदाय करने के संबंध में भी आवश्यक कार्यवाही करने के निर्देश दिये हैं । उन्होंने संस्था में अध्ययनरत एमबीबीएस के अंतिम वर्ष के विद्यार्थियों से ली जाने वाली फीस को 50 प्रतिशत निर्धारित किये जाने के प्रस्ताव को भी स्वीकृति प्रदान की । उन्होंने आयुष्मान भारत इंसेंसटिव के प्रस्ताव पर नियमों की जानकारी प्राप्त कर एक माह के भीतर कार्यवाही करने और विद्यार्थियों को अलग से पढ़ाने वाले विषय विशेषज्ञ चिकित्सकों को मानदेय दिये जाने के संबंध में एक सप्ताह के भीतर नियमों की जानकारी प्राप्त कर प्रस्तुत करने के निर्देश दिये । उन्होंने वित्तीय वर्ष 2023-24 में दिसंबर 2023 तक स्वशासी समिति के आय-व्यय की जानकारी भी प्राप्त की और आवश्यक दिशा निर्देश दिये ।
जबलपुर संभाग के आयुक्त एवं छिंदवाड़ा इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेस की कार्यकारिणी समिति के अध्यक्ष श्री वर्मा ने स्मार्ट क्लास के उपकरणों में सुधार के लिये संबंधित एजेंसी द्वारा अनुबंध की शर्तो के अनुसार इंजीनियर को नहीं भेजे जाने पर संबधित एजेंसी को ब्लैक लिस्टेड करने का प्रस्ताव शासन को भेजने और स्मार्ट क्लास के उपकरणों के संचालन के लिये एक ऑपरेटर मानदेय पर रखने की स्वीकृति प्रदान की । संस्था में सांची के उत्पादों/डेली नीड्स की सुविधा के लिये विज्ञापन जारी करने, संस्था में बैंक शाखा और डाकघर शाखा की सुविधा के लिये संबंधित संस्थानों से चर्चा करने और संस्था में अनुपस्थित रहने वाले चिकित्सक/कर्मचारी को कारण बताओ नोटिस जारी कर कार्य पर उपस्थित होने के निर्देश देने एवं 10 दिनों के भीतर कार्य पर उपस्थित नहीं होने पर सेवायें समाप्त करने के संबंध में कार्यवाही करने के लिये भी कहा । संस्था में खेल मैदान और पार्क के विकास व सौंदर्यीकरण, 100 सीटर हॉस्टल का निर्माण एवं नर्सिंग कॉलेज व हॉस्टल निर्माण के संबंध में पीआईयू के अधिकारी को डीपीआर प्रस्तुत करने तथा जिला चिकित्सालय में तत्काल एमआरआई मशीन चालू करने के निर्देश दिये । उन्होंने संस्था में पेयजल की व्यवस्था सुचारू बनाये रखने और आवास गृहों में विद्युत कनेक्शन और सब मीटर लगवाकर विद्युत की निरंतर आपूर्ति बनाये रखने, सफाई कर्मचारियों और अन्य कर्मचारियों का वेतन समय पर भुगतान करने तथा उमरानाला में 50 सीटर छात्रावास निर्माण के संबंध में आवश्यक कार्यवाही करने के निर्देश भी दिये।
जबलपुर संभाग के आयुक्त एवं छिंदवाड़ा इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेस की कार्यकारिणी समिति के अध्यक्ष श्री अभय वर्मा द्वारा आज जिला चिकित्सालय छिंदवाड़ा में एमआरआई मशीन के संचालन व्यवस्था का आकस्मिक निरीक्षण किया गया । निरीक्षण के दौरान डिप्टी कमिश्नर जबलपुर श्री अरविंद यादव, छिंदवाड़ा इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेस के अधीक्षक श्री डॉ.व्ही.के.जैन, सिविल सर्जन जिला चिकित्सालय डॉ.एम.के.सोनिया, नायब तहसीलदार और अन्य संबंधित अधिकारी/कर्मचारी उपस्थित थे ।
जबलपुर संभाग के आयुक्त एवं छिंदवाड़ा इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेस की कार्यकारिणी समिति के अध्यक्ष श्री वर्मा ने कहा कि जिला चिकित्सालय में एमआरआई मशीन की उपलब्धता और संचालन का व्यापक प्रचार-प्रसार करें। मशीन के कक्ष के सामने और बाहर की ओर रेट लिस्ट लगायें। मशीन कक्ष तक आने-जाने का मार्ग सुगम बनायें, साफ-सफाई रखें, परिसर को सुंदर बनायें और किसी भी मरीज को शिकायत का मौका नहीं दें । उन्होंने बताया कि लगभग 8 करोड़ रूपये लागत की इस अत्याधुनिक उच्च गुणवत्ता वाली एमआरआई मशीन की उपलब्धता छिंदवाड़ा जिला मुख्यालय पर है जो आस-पास के जिलों में नहीं है । इस मशीन से जांच का शुल्क भी सबसे कम है। इस सुविधा का अधिक से अधिक लोगों को लाभ मिले, यह सुनिश्चित करें । निरीक्षण के दौरान जबलपुर संभाग के आयुक्त एवं छिंदवाड़ा इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेस की कार्यकारिणी समिति के अध्यक्ष श्री वर्मा को पौधे भेंट कर अधिकारियों व कर्मचारियों ने उनका स्वागत किया ।



Comments (0)
Facebook Comments